जिले के नाल थाना क्षेत्र में स्थित एक गौशाला में चोरी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने गौशाला की तारबंदी काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा सामान चोरी कर ले गए। इस संबंध में गौशाला प्रबंधन की ओर से पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सरह बोरला रोही जयमलसर स्थित श्री गंगा जुबली पिंजरा पोल गौशाला में हुई। गौशाला अध्यक्ष राजेश कुमार बिन्नाणी ने इस मामले में राहुल चौरडिया और पुखराज चौरडिया सहित सात-आठ अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने गौशाला की तारबंदी को काटकर परिसर में प्रवेश किया और वहां रखा विभिन्न उपयोग का सामान चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान में फावड़ा, बाल्टी, कुंडा और चौसंगी सहित अन्य सामग्री शामिल बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर जांच कर रही है।

