जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला रसद विभाग ने रविवार देर रात सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 46 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने देर रात सर्वोदय बस्ती क्षेत्र में कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदिग्ध बाड़े की जांच की गई। जांच के दौरान वहां से 38 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और तोलन कांटा बरामद हुआ। मौके पर पुलिस थाना मुक्ता प्रसाद के थाना प्रभारी और पुलिस टीम को बुलाकर आगे की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा शहर में कलेक्ट्रेट के पीछे लगने वाली चाट, बर्गर और पावभाजी की स्टालों तथा ढोला मारू के सामने संचालित चाट स्टालों की भी जांच की गई। यहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाए जाने पर विशेष गठित प्रवर्तन दल ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 8 सिलेंडर जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दिन के समय गैस एजेंसियों की बुकिंग और वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है, जबकि रात के समय प्रवर्तन दल द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के दो दिन के भीतर गैस रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

