जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक खेत में उगाई जा रही अफीम की फसल का खुलासा करते हुए 92 पौधे जब्त किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रणजीतपुरा थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के चक 2 जीएसएस डंडकला गांव में एक व्यक्ति अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और मौके पर पहुंचकर खेत की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान खेत में लगे अफीम के पौधे पुलिस को दिखाई दिए। तलाशी लेने पर वहां से कुल 92 पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही पौधों को जब्त कर उनका वजन कराया, जो करीब 3 किलो 363 ग्राम पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत के मालिक गेनाराम पुत्र गोमाराम जाट को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
- Advertisement -
थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे मामलों पर सख्ती से अंकुश लगाना है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

