झुंझुनूं जिले में शुक्रवार रात एक हिस्ट्रीशीटर और पुलिस के बीच हाई वोल्टेज पीछा और भिड़ंत का मामला सामने आया है। पुलिस से बचने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घटना गुढ़ागौड़जी कस्बे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी और गुढ़ा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रोहित महला किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस पिछले तीन दिनों से उसकी निगरानी और घेराबंदी की तैयारी कर रही थी।
शुक्रवार रात करीब 9 बजे पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हुई। पुलिस ने उसकी पिकअप को रोकने के लिए आगे और पीछे से गाड़ियां लगाकर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा हुआ देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए निकलने की कोशिश की।
इस दौरान आरोपी ने सामने खड़ी गुढ़ा थाना पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद उसने अपनी पिकअप को रिवर्स कर पीछे खड़ी पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया और करीब आठ किलोमीटर तक पीछा जारी रहा।
- Advertisement -
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस पीछा अभियान के दौरान आरोपी बार-बार पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारकर भागने की कोशिश करता रहा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की गाड़ियों के कांच टूट गए, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ गाड़ियों के एयरबैग तक खुल गए।
आखिरकार कुछ दूरी पर आरोपी की पिकअप बंद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने दोबारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना में पुलिसकर्मी भूपेंद्र का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई सज्जन सिंह और कांस्टेबल अशोक तथा रविकांत को हाथ-पैर में चोटें आई हैं। आरोपी रोहित महला के भी दोनों पैरों में चोट आई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

