बीकानेर में सांड के हमले से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत
बीकानेर के भीनासर इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। 60 वर्षीय आदूराम जोशी अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी आपस में लड़ रहे एक आवारा सांड ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी मौत करीब 10 से 15 मिनट पहले ही हो चुकी थी। इस हादसे के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।
मृतक के चचेरे भाई बाबूलाल जोशी ने बताया कि आदूराम जोशी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर प्रशासन समय रहते आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाता, तो यह घटना टाली जा सकती थी।
स्थानीय निवासी श्याम पंचारिया ने भी इस हादसे के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि गंगाशहर बाजार, चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर अक्सर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
- Advertisement -
लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आवारा पशु खुलेआम घूमते नजर आते हैं। केईएम रोड जैसे व्यस्त इलाके में भी कई बार सांड और गायों के झुंड सड़क पर घूमते दिखाई देते हैं, जिससे आम लोगों को खतरा बना रहता है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस में मामला दर्ज करने और लापरवाही बरतने वाले नगर निगम कर्मचारियों को निलंबित करने की भी मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।

