बीकानेर में जमीन विवाद के दौरान महिला हेड कांस्टेबल से मारपीट का प्रयास
बीकानेर में जमीन विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला हेड कांस्टेबल पर बंदूक तानने और मारपीट करने का प्रयास किया गया। इस मामले की जांच व्यास कॉलोनी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार तिलक नगर निवासी महिला हेड कांस्टेबल सुनीता जाट ने व्यास कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में उन्होंने रामप्रसाद शर्मा से बयाना के जरिए उदासर स्थित ट्रायो नगर में एक प्लॉट खरीदा था। इस कॉलोनी को ट्रायो इन्वेस्टमेंट कंपनी ने विकसित किया था, जिसके निदेशक अनिल पारीक बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 6 मार्च को जब सुनीता जाट अपने प्लॉट पर पहुंचीं तो वहां की दीवार टूटी हुई मिली। आरोप है कि अनिल कुमार ने कुलदीप उर्फ हेमसिंह, रामेश्वर सिंह और अन्य लोगों के साथ मिलकर बिरजू बावरी और उसके परिवार को प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से वहां बैठा दिया था।
जब महिला हेड कांस्टेबल ने दीवार तोड़ने और ईंटें चोरी करने का विरोध किया, तो बिरजू और उसके परिवार के लोगों ने उनसे मारपीट करने की कोशिश की और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद हेमसिंह, अनिल और रामेश्वर सिंह को भी मौके पर बुला लिया गया।
- Advertisement -
आरोप है कि कुलदीप उर्फ हेमसिंह ने महिला हेड कांस्टेबल पर बंदूक तान दी। स्थिति बिगड़ती देख सुनीता जाट और उनके साथ गए दो-तीन अन्य लोगों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा।
व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी द्वारा की जा रही है।

