जम्मू-कश्मीर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात फायरिंग की घटना सामने आई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में उन्हें कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला जम्मू में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक उनके पास पहुंचकर हमला करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि करीब 70 वर्षीय आरोपी कमल सिंह जामवाल पीछे से आया और उसने रिवॉल्वर फारूक अब्दुल्ला के सिर की ओर तान दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हमलावर का हाथ हटा दिया, जिससे चली गोली हवा में निकल गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर को अचानक पास आकर रिवॉल्वर तानते हुए देखा जा सकता है। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से स्थिति तुरंत नियंत्रण में आ गई।
- Advertisement -
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था और यही उसका मकसद था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

