बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर में कार्यरत एक गार्ड कर्मी के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार बाबूलाल बिश्नोई (56) पुत्र हरचंद्र राम की 8 मार्च 2026 को सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी सीएमओ डॉ. एल. के. कापिल, नर्सिंग ऑफिसर श्योपत गोदारा और अन्य सहकर्मियों ने परिजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद मृतक के परिजनों—रामनिवास और हनुमान बिश्नोई—ने सहमति देते हुए नेत्रदान कराने का निर्णय लिया। यह प्रक्रिया आई बैंक सोसाइटी ऑफ राजस्थान की टीम द्वारा पूरी की गई। आई डोनेशन तकनीशियन निलेंद्र सिंह ने समय रहते कॉर्निया सुरक्षित रूप से प्राप्त किए।
डॉ. एल. के. कापिल ने कहा कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़नी चाहिए, ताकि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी कई जरूरतमंदों को नई रोशनी मिल सके। वहीं नर्सिंग ऑफिसर श्योपत गोदारा ने इस नेक कार्य के लिए परिवारजनों का आभार जताते हुए बाबूलाल बिश्नोई के सेवा भाव की सराहना की।
- Advertisement -
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने परिवार को प्रशंसा पत्र देकर उनके इस प्रेरणादायक कदम की सराहना की।

