जस्सुसर गेट के पास कब्रिस्तान के बाहर मिला नवजात
बीकानेर शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार 6 मार्च की शाम जस्सुसर गेट के बाहर स्थित बड़े कब्रिस्तान के पास काले रंग की थैली में एक नवजात का शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
इस संबंध में राजकुमार खडग़ावत ने नयाशहर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। प्रार्थी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति या महिला ने नवजात शिशु को काले रंग की थैली में डालकर जस्सुसर गेट के बाहर कब्रिस्तान के पास फेंक दिया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
पुलिस कर रही जांच
नयाशहर थाना पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

