बीकानेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और गर्भवती महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है। शीतला गेट के अंदर दर्जियों की बड़ी गुवाड़ निवासी मनीष पंवार ने इस संबंध में सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
परिवादी के अनुसार 3 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद था। इसी दौरान राहुल तंवर, विनोद टाक, दीपक तंवर, नेमीचंद सोलंकी, गौतम सोलंकी, भवानी सोलंकी और चंद्रप्रकाश दैया सहित अन्य लोग घर में घुस आए और अचानक मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आई उसकी छह माह की गर्भवती पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि राहुल तंवर ने उसके पेट पर लात मार दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इस दौरान परिवादी की मां के साथ भी मारपीट की गई और उसकी तीन साल की बच्ची को सीढ़ियों से धक्का देने का आरोप लगाया गया है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आरोपी शराब के नशे में थे और गाली-गलौज करते हुए हमला किया। विनोद टाक ने बैट से वार कर परिवादी को घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

