राजस्थान में गर्मी का असर समय से पहले दिखने लगा है। पश्चिमी हवाओं के गर्म और शुष्क रुख के कारण सीमावर्ती इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन और तापमान बढ़ सकता है।
पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्म हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जयपुर, अजमेर, चूरू और उदयपुर जैसे शहरों में भी अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा। बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, कोटा और श्रीगंगानगर में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई।
रात का तापमान थोड़ा गिरने से हल्की ठंडक बनी रहती है। पाली में सबसे ठंडी रात रही, न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर (सीकर) में 11 और करौली में 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुजरात और पाकिस्तान से सटे अरब सागर क्षेत्र में बने एंटी-साइक्लोन के कारण उच्च दबाव की स्थिति बनी है। साफ आसमान और पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में तापमान बढ़ रहा है।

