राज्य में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिन अभिभावकों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अब बहुत कम समय बचा है, क्योंकि आवेदन की अंतिम तिथि 4 मार्च तय की गई है।
इस बार नए शिक्षा सत्र की शुरुआत 1 अप्रैल से होनी है, ऐसे में आवेदन की तारीख बढ़ने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 मार्च को राज्य स्तर पर ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी।
इस लॉटरी के माध्यम से छात्रों का वरीयता क्रम तय किया जाएगा। इसके बाद 13 मार्च को चयनित विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में पहले चरण का आवंटन किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य सरकार ने आरटीई प्रक्रिया में कुछ बदलाव भी किए हैं, जिससे अभिभावकों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी जा रही है।

