बीकानेर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर रविवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। महाजन कस्बे के पास ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सूरतगढ़ से बीकानेर की ओर आ रही थी। नहर की पुलिया के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर के तेल टैंक से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान ट्रेलर का तेल टैंक फट गया, जिससे डीजल सड़क पर फैल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि डीजल में आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हैडकांस्टेबल बाबूलाल बिश्नोई ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

