बीकानेर में पुलिस ने संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। आईजी ओमप्रकाश और एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमों ने एक दिन में व्यापक कार्रवाई की।
इस ऑपरेशन में 374 पुलिसकर्मियों की 85 टीमों ने कुल 823 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 15 स्थायी वारंटी, 41 अन्य वारंटी, 6 हिस्ट्रीशीटर और एक हार्डकोर अपराधी सहित कुल 76 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 51 लोगों को धारा 170 बीएनएस के तहत हिरासत में लिया गया।
अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध नशे के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हुई। गंगाशहर पुलिस ने 503 ग्राम गांजा और 8.64 लीटर देशी शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा। नाल थाना पुलिस ने 5.29 ग्राम एमडी और 3.660 किलो डोडा बरामद किया।
नोखा पुलिस ने स्मैक, डोडा और गांजा जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, वहीं बज्जू और छतरगढ़ पुलिस ने बड़ी मात्रा में डोडा और देशी शराब बरामद की। महाजन थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों को अवैध डोडा और शराब के साथ पकड़ा गया।
- Advertisement -
इसके अलावा जेएनवीसी पुलिस ने एक पिस्टल के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि गजनेर पुलिस ने देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया। सदर थाना पुलिस ने एक कार्रवाई में 1.88 लाख रुपये और एक मकान के दस्तावेज भी जब्त किए।
इस व्यापक कार्रवाई से जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।

