भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्यसमिति के नए सदस्यों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने सूची जारी की, जिसमें बीकानेर जिले से कई वरिष्ठ और पूर्व पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश कार्यसमिति में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ बीकानेर के सांसद और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इससे बीकानेर की राजनीतिक भागीदारी प्रदेश स्तर पर और मजबूत मानी जा रही है।
शहर और देहात से प्रतिनिधित्व
बीकानेर शहर से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल गहलोत और सत्यप्रकाश आचार्य को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। वहीं बीकानेर देहात से पूर्व जिला महामंत्री कुंभाराम सिद्ध और पूर्व अध्यक्ष जालम सिंह भाटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए अनुभवी नेताओं को कार्यसमिति में स्थान दिया गया है। इससे जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
- Advertisement -
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश कार्यसमिति में बीकानेर के नेताओं की सक्रिय भागीदारी से स्थानीय मुद्दों को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

