बीकानेर जिले के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से एक किलो हेरोइन बरामद की है। यह बरामदगी रावला क्षेत्र के गांव 4 बीडी के निकट वन विभाग की भूमि पर संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान जमीन पर पड़े पीले रंग के दो पैकेट मिले। जब पैकेट खोले गए तो उनमें से करीब एक किलो हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही खाजूवाला डीएसपी अमरजीत चावला और अनूपगढ़ डीएसपी प्रशांत कौशिक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सघन जांच की गई। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मादक पदार्थ सीमा पार से किसी माध्यम से गिराया गया है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में इसी क्षेत्र में हथियारों की खेप भी जब्त की गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से स्पष्ट है कि तस्कर नए-नए तरीकों से सीमा पार से नशीले पदार्थ और हथियार भेजने की कोशिश कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और भी कड़ी कर रही हैं।
- Advertisement -
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद हेरोइन को सील कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

