बीकानेर में पुलिस संभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में जिले के छह सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। यह कार्यक्रम राजस्थान सेवानिवृत पुलिस कल्याण संस्थान की ओर से आयोजित किया गया।
समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार यादव एवं इन्द्रसिंह चारण, कम्पनी कमाण्डर भंवर लाल, प्लाटून कमाण्डर भवानी सिंह तथा सहायक उप निरीक्षक मोहनराम चौधरी और टीकूराम का साफा पहनाकर, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह लूणा ने की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, सेवा का भाव जीवनभर बना रहता है। प्रदेश महासचिव सलावत खां ने अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक रहेगा। संभागीय अध्यक्ष जगमालराम बिस्सु ने सभी से संस्थान से जुड़े रहकर सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में अनेक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, कार्मिक और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। अंत में जिला सचिव चंवर सिंह शेखावत ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

