बीकानेर। जिले की जसरासर तहसील के काकड़ा गांव स्थित सती दादी मंदिर में चांदी के छत्र चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
जसरासर थाना अधिकारी गौरव सारस्वत के अनुसार, विशेष टीम गठित कर आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू की गई। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आरोपियों की गतिविधियों का रूट ट्रेस किया गया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ विक्की शर्मा (39) निवासी बारा और अमृत लाल सोनी निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि अन्य संभावित वारदातों के बारे में भी जानकारी मिल सके।
कार्रवाई में पुलिस लाइन बीकानेर के आलोक सिंह सहित जसरासर थाने के रामेश्वर लाल, बलवान, हरिनाथ और कैलाश की टीम शामिल रही। काकड़ा गांव के ग्रामीणों और मंदिर कमेटी पदाधिकारियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
- Advertisement -
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।

