बीकानेर में दुकान से घर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर नगदी और आभूषण लूटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नोखा पुलिस थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
हिंयादेसर निवासी अन्नाराम प्रजापत ने रिपोर्ट में बताया कि वह घंटाघर क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान में काम करता है। 21 फरवरी को वह काम से घर लौट रहा था। आरोप है कि लालचंद प्रजापत निवासी हिम्मटसर, भोजराम प्रजापत और दो-तीन अन्य लोग दो मोटरसाइकिलों पर उसका पीछा करते हुए बीकानेर रोड स्थित गांव के बाईपास फांटा पर पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल के आगे बाइक लगाकर उसे गिरा दिया और मारपीट की। शोर मचाने पर राहगीरों ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय एक हमलावर ने उसकी गर्दन पर लात मारी, जिससे वह बेहोश हो गया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि हमलावर उसका मोबाइल फोन, करीब 14 ग्राम सोने की अंगूठी, 60 ग्राम चांदी का कड़ा और जेब में रखे 18,700 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

