बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे सरेआम वारदातों को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला हिम्मटसर गांव का है, जहाँ एक युवक का रास्ता रोककर पांच बदमाशों ने धारदार हथियारों और लोहे के पाइपों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस संबंध में पीड़ित पवन राठी पुत्र दुदास बास (निवासी हिम्मटसर) ने नोखा थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
स्कूटी रोककर किया हमला: शिकायत के अनुसार, घटना 21 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की है। पवन राठी अपनी स्कूटी पर ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका को उनके घर (नायकों का मोहल्ला) छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार ने अचानक उनकी स्कूटी के आगे आकर रास्ता रोक लिया।
हथियारों से लैस थे बदमाश: कार से दिनेश सिंह उर्फ दिनेशा, जितेंद्र सिंह राजपूत, अमर सिंह उर्फ बबलू, गजेंद्र पारीक और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति नीचे उतरे। ये सभी आरोपी धारदार हथियारों और लोहे के पाइपों से लैस थे। आरोप है कि दिनेश सिंह ने जान से मारने की नियत से पवन पर लोहे के पाइप से जोरदार वार किया, जिससे वह अनियंत्रित होकर स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े।
मकान में छिपकर बचाई जान: हमले से घबराए पवन ने तुरंत वहां से दौड़ लगाई और पास के एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने उस मकान के अंदर घुसने का भी प्रयास किया। हालांकि, शोर-शराबा सुनकर जब पड़ोसी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र होने लगे, तो पकड़े जाने के डर से सभी आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
- Advertisement -
जाते-जाते दी जान से मारने की धमकी: भागते समय बदमाशों ने पवन को ललकारते हुए धमकी दी कि “इस बार तो बच गया, लेकिन अगली बार मौका मिलने पर उसे जान से मार देंगे।” पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।

