राजस्थान के बीकानेर जिले के कोलायत क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव में आठवीं कक्षा की छात्रा की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही हैं। साथ ही पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। एसपी ने आरोपियों की तलाश के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है और जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल से जिला कलेक्टर और एसपी ने वार्ता की। कलेक्टर ने प्रतिनिधि मंडल को एक प्रस्ताव सौंपा, जिस पर आगे विचार कर रणनीति तय की जाएगी। हालांकि वार्ता के प्रथम दौर में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका और धरना व विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
फिलहाल छात्रा का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है और परिजनों व ग्रामीणों की मांगों के कारण अभी तक पोस्टमार्टम नहीं किया गया है। धरनार्थियों और परिजनों की मांग है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए।
- Advertisement -
वार्ता में पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल, प्रधान प्रतिनिधि भागीरथ तेतरवाल, कांग्रेस देहात अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, महेंद्र गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। ग्रामीण एवं परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं और समाधान के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही कोशिशों पर नजर बनाए हुए हैं।

