बीकानेर: नोखा क्षेत्र के बुधरो की ढाणी निवासी रामनिवास बिश्नोई ने Power Grid Bhadaala 3 Transmission Limited के अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। किसान का आरोप है कि कंपनी ने उनके खेत में टॉवर निर्माण के दौरान फसल और पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचाया, लेकिन मुआवजा नहीं दिया।
बिश्नोई के अनुसार, नोखागांव स्थित उनके संयुक्त खेत में, जो उनकी पत्नी सोमादेवी के नाम से भी जुड़ा है, एक ट्यूबवेल लगा हुआ है। 1 नवंबर को कंपनी के अधिकारियों ने एलओसी नंबर 12/2 के तहत ट्रांसमिशन टॉवर स्थापित किया। टॉवर की नींव डालते समय करीब 3 बीघा फसल नष्ट हो गई, जबकि टॉवर खड़ा करते वक्त लगभग 5 बीघा फसल और कई पेड़-पौधे बर्बाद हो गए।
किसान का कहना है कि कंपनी कर्मचारियों ने उन्हें एक पत्र दिखाया, जिसे तहसीलदार का आदेश बताया गया। उसमें 4,25,506 रुपये मुआवजा दिए जाने का उल्लेख था। बिश्नोई का आरोप है कि यह दस्तावेज फर्जी था और उन्हें किसी प्रकार का भुगतान नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

