बीकानेर: जोड़बीड़ गिद्ध संरक्षण क्षेत्र में गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों ने प्रवासी और दुर्लभ पक्षियों के लिए गंभीर खतरा खड़ा कर दिया है। पिछले एक महीने के दौरान यहां एक दर्जन से अधिक स्टेपी ईगल, इजिप्शियन वल्चर और यूरेशियन ग्रेफॉन जैसे बड़े शिकारी पक्षियों की करंट लगने या तारों से टकराने के कारण मौत हो चुकी है।
दक्षिण एशिया के सबसे बड़े गिद्ध एवं शिकारी पक्षी आवास स्थलों में शामिल इस क्षेत्र में इन दिनों मध्य एशिया, रूस, मंगोलिया और यूरोप से हजारों प्रवासी पक्षी पहुंचे हुए हैं। भोजन की तलाश में बड़े आकार और लंबे पंखों वाले ये पक्षी अक्सर खुले विद्युत पोलों और ट्रांसमिशन लाइनों पर बैठ जाते हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों और संरक्षण कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया है। उनका कहना है कि यदि बिजली लाइनों को सुरक्षित बनाने के उपाय नहीं किए गए, तो अंतरराष्ट्रीय महत्व वाले इस संरक्षण क्षेत्र में पक्षियों की मौत का सिलसिला जारी रह सकता है।

