बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बीकानेर संभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कनिष्ठ सहायक (एलडीसी) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चूरू जिले में श्रीगंगानगर एसीबी टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिषद चूरू में कार्यरत एलडीसी सुभाष चंद्र शर्मा पर मनरेगा के वर्ष 2023-24 के लंबित भुगतान को पारित करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। मामले में जैतासर ग्राम पंचायत के सरपंच ने एसीबी हेल्पलाइन 1064 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
15 हजार रुपए की मांग, 10 हजार ऑनलाइन लिए
शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने कुल 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसमें से 10,000 रुपए पहले ही फोन-पे के माध्यम से ऑनलाइन ले लिए गए थे। शेष 5,000 रुपए नकद देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही भुगतान रोकने की धमकी भी दी जा रही थी।
सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। सीआई राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने जिला परिषद परिसर के पास एक चाय की दुकान पर आरोपी को 5,000 रुपए नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
- Advertisement -
कार्रवाई के दौरान एसीबी ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
मनरेगा भुगतान को लेकर था मामला
बताया जा रहा है कि मामला मनरेगा योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में हुए कार्यों के भुगतान से जुड़ा था। भुगतान पास करने की प्रक्रिया में देरी का हवाला देकर आरोपी ने रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी अवैध रूप से धन की मांग करता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।

