बीकानेर में आयकर विभाग की जयपुर विंग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रॉपर्टी कारोबारी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 140 बीघा बेनामी कृषि भूमि को अंतरिम रूप से जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार जब्त की गई जमीन की डीएलसी दर लगभग 75 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि इसका बाजार मूल्य 200 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। विभाग ने संबंधित फर्म संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जमीन खरीद से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लोटस डेयरी संचालक और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर की गई। आयकर अधिकारियों की टीम सुबह से ही सक्रिय रही और शहर के साथ उदासर क्षेत्र में स्थित संपत्तियों का सत्यापन किया गया।
छापेमारी की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही और विभाग आगे भी दस्तावेजों की गहन जांच करेगा।

