बीकानेर के दंतौर थाना क्षेत्र में एक महिला पुलिसकर्मी से शादी का झांसा और बीमारी के इलाज के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि जुलाई 2021 से दिसंबर 2022 के बीच आरोपियों ने शादी का विश्वास दिलाकर किस्तों में लगभग 14 से 15 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। यह रकम उसने नौकरी पर लोन लेकर, एलआईसी पॉलिसी तुड़वाकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर जुटाई थी।
आरोप है कि करीब डेढ़ साल बाद जब उसने पैसे वापस मांगे तो मुख्य आरोपी रवि के पिता अनिल कुमार ने दोबारा शादी का लालच देकर उससे 5 लाख रुपये और ले लिए। पीड़िता का कहना है कि बीते दो वर्षों से आरोपी उसे अलग-अलग बहानों से गुमराह करते रहे।
जब उसने सख्ती दिखाई तो आरोपियों ने प्लॉट, दुकान और वाहन बेचकर रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन उसे लगातार टालते रहे। लगातार ठगी से परेशान होकर आखिरकार महिला पुलिसकर्मी ने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।
- Advertisement -
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

