बीकानेर में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बीकानेर-नोखा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर बूधरो की ढाणी के पास सारण पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल करवाई। पुलिस ने दोनों शवों को नोखा के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। ग्रामीण मुरली गोदारा ने शवों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।

