राजस्थान में बीकानेर से जोधपुर के बीच यात्रा अब पहले से अधिक सुगम और तेज होने जा रही है। Ministry of Road Transport and Highways ने National Highway 62 के बीकानेर–नागौर खंड को फोरलेन में अपग्रेड करने की स्वीकृति दे दी है। यह हिस्सा 108 किलोमीटर लंबा होगा। नागौर से जोधपुर तक फोरलेन का कार्य पहले ही स्वीकृत हो चुका है और उसका टेंडर भी जारी हो गया है।
दोनों खंडों के पूर्ण होने के बाद बीकानेर से जोधपुर की यात्रा अवधि लगभग पांच घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगी। साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत देशनोक ओरण-परिक्रमा मार्ग को मुख्य हाईवे से अलग रखा जाएगा, ताकि धार्मिक परिक्रमा के दौरान यातायात प्रभावित न हो। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, गजट नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
नोखा के पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई द्वारा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को पत्र लिखकर फोरलेन की मांग की गई थी। इसके बाद गठित टीम ने मार्ग के ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया।
- Advertisement -
बताया गया कि वर्ष 2022 में पूरा हुआ यह 108 किमी का टू-लेन हिस्सा ट्रैफिक दबाव के कारण हादसों का कारण बन रहा है। देशनोक, पलाना फ्लाईओवर और नोखा बाईपास के एंट्री पॉइंट्स पर तकनीकी खामियां चिन्हित की गई हैं। पिछले दो वर्षों में इन स्थानों पर कई जानलेवा दुर्घटनाएं हुई हैं।
नई डीपीआर में इस खंड के सभी फ्लाईओवर सिक्स लेन बनाए जाएंगे। साथ ही रासीसर में बाईपास, नोखा में अपना घर आश्रम के पास फ्लाईओवर, रोड़ा-खारा-सैंगाल रोड जंक्शन और अन्य प्रमुख बीटी सड़कों पर भी फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया जाएगा।

