राजस्थान में फरवरी के मध्य में ही गर्मी का असर तेज़ होने लगा है। बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और फलोदी सहित कई शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार सोमवार को भी मौसम शुष्क रहने और तेज धूप पड़ने के आसार हैं। हालांकि 17 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक हाल के दिनों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज हो रहा है। जैसलमेर में तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर, जयपुर और बीकानेर सहित कई शहरों में भी पारा औसत से 4 से 6 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया।
अब जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी और बीकानेर में सुबह-शाम की ठंड लगभग खत्म हो चुकी है और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। वहीं सीकर, झुंझुनूं, चूरू और अन्य शहरों में भी सर्दी में कमी दर्ज की जा रही है।
- Advertisement -
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से चूरू, सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

