बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में दो युवकों के साथ जातिसूचक गालियां देने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाली-गलौच का आरोप
नागौर निवासी तथा वर्तमान में डूडी होटली में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत मुकेश वाल्मीकि ने थाने में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि आरोपी बंटी और राणा ने उसे और उसके साथी संजय को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया।
रोकने पर बढ़ा विवाद
परिवादी के अनुसार जब उन्होंने गालियां देने से रोका तो दोनों आरोपियों ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों दोस्तों को चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
मुक्ताप्रसाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

