राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालिका की पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गई। घटना राजपुरा गांव की रोही स्थित एक कृषि कुंए पर हुई।
मृतका के पिता भंवरलाल, जो शेरेंरा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वह शेरूणा थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव की रोही में स्थित खेत पर काश्त करते हैं और परिवार वहीं ढाणी बनाकर रह रहा था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह गांव गए हुए थे, जबकि ढाणी में उनकी पत्नी और पुत्री प्रियंका मौजूद थीं।
इसी दौरान प्रियंका घरेलू उपयोग के लिए पानी निकालने कुंड पर गई, जहां उसका पैर फिसल गया और वह कुंड में गिर गई। कुछ देर बाद जब वह नजर नहीं आई तो उसकी मां तलाश करते हुए कुंड तक पहुंची। अंदर झांकने पर बालिका दिखाई दी। आसपास के लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच एएसआई जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

