राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने शराब पार्टी के दौरान अपने दोस्त का गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को क्षत-विक्षत कर नाले में फेंक दिया।
सदर थानाधिकारी रूपसिंह के अनुसार 6 फरवरी को नाले से एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। पुलिस ने हाथ पर बने टैटू के आधार पर मृतक की पहचान विशाल बंजारा के रूप में की। मृतक की मां ने 7 फरवरी को बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए दिनेश नामक युवक पर संदेह जताया था।
संदेह के आधार पर पुलिस ने दिनेश और उसके सहयोगी सुशील को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। दिनेश जब जेल में था, तब विशाल उसकी प्रेमिका को मुलाकात के लिए लेकर जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
जेल से रिहा होने के बाद दिनेश ने उसी महिला से विवाह कर लिया, लेकिन उसे पत्नी और विशाल के बीच संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

