बीकानेर में हेरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसके तार पाकिस्तान से जुड़े बताए जा रहे हैं। पंजाब के अमृतसर से एक किलो हेरोइन लेकर आ रहे दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरे गिरोह की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, बीकानेर के भुट्टों का बास निवासी शबीर अली और छत्तरगढ़ क्षेत्र के गोरीसर निवासी आलम खां ने पाकिस्तानी तस्कर इमरान से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर एक किलो हेरोइन मंगाई थी। यह खेप पहले अमृतसर पहुंचाई गई। दोनों आरोपी 26 जनवरी को अमृतसर में एक अज्ञात व्यक्ति को 7.40 लाख रुपये देकर हेरोइन लेकर बीकानेर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-62 पर श्रीगंगानगर के राजियासर क्षेत्र में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि यह नेटवर्क पाकिस्तान से मादक पदार्थ मंगाकर पंजाब, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में सप्लाई करता था। मामले की जांच कर रहे सूरतगढ़ शहर थाना पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है।
अब तक शबीर अली और आलम खां के अलावा बीकानेर के बंगला नगर निवासी रामलाल नायक, छत्तरगढ़ के लाखूसर निवासी सहीराम जाट, सूरतगढ़ के वार्ड नंबर 33 निवासी अमीन खान और हनुमानगढ़ के रावतसर निवासी विजय कुमार सोनी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
- Advertisement -
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

