बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 30 ग्राम एमडी पाउडर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान एक कार भी जब्त की गई है।
होटल पर दबिश, तीन आरोपी पकड़े
जानकारी के अनुसार थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर मोहनलाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर हेमासर-बेनीसर के बीच स्थित एक होटल पर दबिश दी।
यहां से बिग्गाबास निवासी मयंक शर्मा (21), पूनरासर निवासी नारायणनाथ सिद्ध (25) और वार्ड 14 निवासी रविशंकर जांगिड़ (24) को संदिग्ध हालात में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 30 ग्राम एमडी बरामद हुई।
सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी केवल सेवन ही नहीं, बल्कि सप्लाई चेन से भी जुड़े हो सकते हैं। जब्त कार की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।
- Advertisement -
कोर्ट में पेशी की तैयारी
तीनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। पूछताछ के दौरान अन्य संदिग्धों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
बढ़ती चिंता, अभियान जारी
क्षेत्र में युवाओं के बीच एमडी जैसे घातक नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में चिंता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

