लूणकरणसर कस्बे में युवक के अपहरण और फिरौती वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को अगवा कर 10 लाख रुपये की मांग की और बाद में 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाने के बाद उसे छोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक को घर से बाहर निकलते और बाहर खड़ी कैंपर गाड़ी को देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार लूणकरणसर के वार्ड नंबर 37 में सोमवार शाम कैंपर सवार बदमाशों ने युवक का अपहरण किया।
पीड़ित सुरेन्द्र पीरतानी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि योगेश सिहाग, तेजाराम जाट और एक अन्य व्यक्ति कैंपर गाड़ी में उसके घर पहुंचे और फोन कर उसे बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, आरोपियों ने जबरन उसे गाड़ी में डाल लिया, मोबाइल फोन बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की।
रिपोर्ट के अनुसार अपहरणकर्ताओं ने युवक से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। रकम देने में असमर्थता जताने पर उसके भाई को फोन कर माली होटल पर 2 लाख रुपये लेकर आने को कहा गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद आरोपियों ने सत्यनारायण गोदारा के खाते में 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।
- Advertisement -
राशि मिलने के बाद आरोपी युवक को हरियासर के पास करीब 20 किलोमीटर दूर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

