शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की घटना सामने आई है। एमपी कॉलोनी निवासी नंदलाल सिंह राजपूत ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
परिवादी के अनुसार वह 23 जनवरी को पारिवारिक शोक के चलते अपने परिवार के साथ पैतृक गांव भादरा गए हुए थे। इसी दौरान 30 जनवरी की देर रात करीब 2:24 बजे अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी 31 जनवरी को पड़ोसियों से फोन पर मिली। 9 फरवरी को जब परिवार घर लौटा, तो मकान के अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर सोने की रखड़ी और बाजूबंद, चांदी की पायजेब व अंगूठियां, अन्य कीमती सामान तथा लगभग 16 हजार रुपये नकद चोरी होना सामने आया।
परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई रूपाराम को सौंपी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
- Advertisement -

