बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में गोल्ड लोन से जुड़ी एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामला भारतीय स्टेट बैंक की गोगागेट शाखा से संबंधित बताया जा रहा है।
गोल्ड लोन के नाम पर बैंक को नुकसान
शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार श्रीगंगानगर निवासी पिंकी सोनी ने 13 सितंबर 2021 को बैंक की गोल्ड लोन योजना के तहत 3 लाख 75 हजार रुपये का ऋण लिया था। इस ऋण के लिए सोने के आभूषण गिरवी रखे गए थे, जिनका मूल्यांकन अधिकृत स्वर्ण मूल्यांकक ओमप्रकाश सोनी द्वारा किया गया था।
मूल्यांकन में सामने आई भारी गड़बड़ी
बैंक प्रबंधन का आरोप है कि ऋणी और स्वर्ण मूल्यांकक ने आपसी मिलीभगत से सोने के आभूषणों का वजन वास्तविकता से कहीं अधिक दर्शाया। जहां आभूषणों का शुद्ध वजन करीब 31 ग्राम होना पाया गया, वहीं मूल्यांकन प्रमाण पत्र में इसे 119 ग्राम दर्शाया गया था।
यह गंभीर अंतर वर्ष 2024 में कराए गए पुनर्मूल्यांकन के दौरान सामने आया, जिसके बाद पूरे मामले पर सवाल खड़े हुए।
- Advertisement -
फर्जी वैल्यूएशन रिपोर्ट का आरोप
परिवाद में कहा गया है कि कूटरचित और भ्रामक वैल्यूएशन रिपोर्ट के आधार पर अधिक राशि का ऋण स्वीकृत कराया गया, जिससे बैंक को आर्थिक नुकसान हुआ। बैंक प्रबंधन ने इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
न्यायालय के आदेश के बाद कोटगेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस प्रकरण की जांच एएसआई जिले सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी दस्तावेजों, मूल्यांकन रिपोर्ट और लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

