अजमेर शहर में स्पा सेंटर संचालन की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने जयपुर रोड स्थित आगरा गेट के पास एक इमारत में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से एक युवक और चार युवतियां मिलीं। हालांकि जांच में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या स्पा सेंटर का संचालन नहीं पाया गया।
थानाप्रभारी अनिल देव कल्ला ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित इमारत की तलाशी ली। इस दौरान वहां चार युवतियां और एक स्थानीय युवक सुशील उर्फ दीपक शर्मा मौजूद मिला। प्रारंभिक जांच में युवक नशे की हालत में पाया गया, जिस पर उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने चारों युवतियों को थाने लाकर पूछताछ की। युवतियों ने बताया कि वे इवेंट्स में पुष्पवर्षा का कार्य करती हैं और युवक द्वारा ही उन्हें काम के सिलसिले में वहां बुलाया गया था। पुलिस को पूछताछ में किसी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले, जिसके बाद युवतियों को तस्दीक के पश्चात छोड़ दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है और मामले की सूचना के स्रोत की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में भ्रामक सूचनाओं के आधार पर अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।
- Advertisement -

