भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान कर दिया है। भाजपा के संविधान के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया 19 और 20 जनवरी को पूरी की जाएगी, जिसके बाद पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।
फिलहाल पार्टी की कमान कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन संभाल रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठनात्मक कामकाज जारी है, लेकिन अब स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।
सूत्रों के अनुसार इस बार नामांकन प्रक्रिया खास और बेहद सीमित रहने वाली है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में नामांकन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के करीब 10 वरिष्ठ नेता प्रस्तावक के रूप में शामिल होंगे। इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि नेतृत्व चयन को लेकर पार्टी के भीतर व्यापक सहमति पहले ही बन चुकी है।
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद बेहद अहम माना जाता है। आगामी विधानसभा चुनावों, लोकसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन विस्तार की रणनीति में नए अध्यक्ष की भूमिका निर्णायक रहेगी। यही कारण है कि पार्टी इस प्रक्रिया को पूरी तरह संविधान और संगठनात्मक नियमों के तहत पूरा कर रही है।
- Advertisement -
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा के साथ ही भाजपा अपने अगले चुनावी रोडमैप को और मजबूती से लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। अब सभी की नजरें 20 जनवरी पर टिकी हैं, जब पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिलने की पूरी संभावना है।

