बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से महिला उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव जाखासर नया निवासी एक महिला ने अपने देवर पर विवाह का झांसा देकर करीब नौ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, मारपीट, चोरी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति की करीब दस वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह अपनी ढाणी में अकेले जीवन यापन कर रही थी। इसी दौरान उसका देवर उसके पास आया और उससे विवाह करने का भरोसा दिलाकर उसे अपने साथ रखने लगा। महिला का आरोप है कि इसी झांसे में आरोपी ने पिछले नौ वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार करीब तीन महीने पहले जब उसने आरोपी पर विवाह करने का दबाव बनाया, तो वह शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके कमरे का ताला तोड़कर गहने और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्तमान में वह डर के कारण अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर रहने को मजबूर है। उसने आरोप लगाया कि देवर के साथ उसके साथी आसाराम और ओमाराम भी उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
- Advertisement -
मामले में पीड़िता द्वारा न्यायालय की शरण लेने के बाद कोर्ट के निर्देश पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

