बीकानेर। राजस्थान प्रदेश राजीव गांधी यूथ फेडरेशन को नया संरक्षक मिल गया है। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक मोहम्मद रमजान रंगरेज़ ने घोषणा की है कि नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी अब संगठन की संरक्षक की भूमिका निभाएंगी। इस निर्णय को संगठन के लिए नई दिशा और मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
मोहम्मद रमजान रंगरेज़ ने बताया कि राजीव गांधी यूथ फेडरेशन पिछले दो दशकों से अधिक समय से प्रदेश स्तर पर सक्रिय रहते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए कार्य कर रहा है। संगठन ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई अभियानों में अपनी भागीदारी निभाई है, जिनमें प्रतिभा सम्मान समारोह, वृक्षारोपण अभियान, खेलकूद गतिविधियां और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप और अकाल के समय फेडरेशन ने जरूरतमंदों की सहायता कर सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। संगठन शुरू से ही किसान केसरी और 36 कौम के मसीहा स्वर्गीय श्री रामेश्वर डूडी के संरक्षण में कार्य करता रहा है।
रंगरेज़ ने कहा कि श्री रामेश्वर डूडी के निधन के बाद यह संगठन के लिए भावनात्मक रूप से कठिन समय था। ऐसे में नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी द्वारा संरक्षक की जिम्मेदारी स्वीकार करना फेडरेशन के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि युवा अब डूडी साहब के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर सकेंगे।
- Advertisement -
इस अवसर पर मोहम्मद रमजान रंगरेज़ ने सुशीला डूडी से मुलाकात कर फेडरेशन द्वारा अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन अपने उद्देश्यों को पूरा करने और युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।

