रबी सीजन के लिए उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति, कृषि विभाग ने शुरू की सख्त निगरानी
कृषि विभाग ने रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण चरण को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रमुख शासन सचिव कृषि और आयुक्त कृषि के निर्देशों के बाद संयुक्त निदेशक कृषि मदन लाल ने बताया कि किसानों को यूरिया और अन्य उर्वरकों की पर्याप्त व समय पर आपूर्ति के लिए राज्य सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर विभाग लगातार फील्ड निरीक्षण कर रहा है ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिले में 5195 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध
संयुक्त निदेशक के अनुसार जिले में यूरिया की कुल मांग 80,500 मीट्रिक टन है, जिसके मुकाबले अब तक 29,581 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति हो चुकी है।
वर्तमान में 5,195 मीट्रिक टन का स्टॉक उपलब्ध है।
दिसंबर माह के लिए 21,500 मीट्रिक टन यूरिया की मांग मुख्यालय जयपुर को भेज दी गई है।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे घबराहट में अतिरिक्त स्टॉक न करें और केवल उतनी ही मात्रा खरीदें जो पहली सिंचाई के लिए आवश्यक हो। दूसरी सिंचाई तक आवश्यक यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी।
- Advertisement -
वितरण व्यवस्था पर निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
उर्वरक वितरण को सुचारू रखने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
जिला स्तर पर कृषि अधिकारी रामनिवास चौधरी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रत्येक ब्लॉक के लिए अलग-अलग नियंत्रण अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो किसानों की शिकायतों व आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
ब्लॉकवार कंट्रोल रूम प्रभारी
-
बीकानेर – मीनाक्षी शर्मा (9782022800)
-
लूणकरणसर – गिरीराज (9414582537)
-
कोलायत – मीनाक्षी पंवार (9413210885)
-
श्रीडूंगरगढ़ – रघुवर दयाल (8005858806)
-
छतरगढ़ – रूबीना परवीन (9694259502)
-
नोखा – राजूराम डोगीवाल (9982375983)
-
खाजूवाला – सोमेश तंवर (7737631866)
-
पांचू – मामराज मेघवाल (9636176893)
-
बज्जू – रामकिशोर मेहरा (9001561078)
जिले में 70–80 प्रतिशत रबी की बुवाई पूरी
संयुक्त निदेशक ने बताया कि जिले में रबी सीजन की बुवाई लगभग 70–80 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है। विभिन्न फसलों का बुवाई विवरण इस प्रकार है:
| फसल | लक्ष्य (हे.) | बुवाई (हे.) |
|---|---|---|
| गेहूं | 1,20,000 | 75,000 |
| चना | 1,20,000 | 1,03,000 |
| सरसों | 2,70,000 | 2,20,000 |
| जौ | 8,000 | 8,000 |
| तारामीरा | 23,000 | 2,700 |
| जीरा | 80,000 | 8,000 |
| ईसबगोल | 27,000 | — |
| मैथी | 6,700 | — |
| अन्य | 600 | — |
| कुल | 6,21,000 | 4,51,000 |
कृषि विभाग का कहना है कि उर्वरकों की उपलब्धता और फसलों की स्थिति पर लगातार निगरानी जारी रहेगी। किसानों को समय पर सभी कृषि इनपुट उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है।
