

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष: अब तक 33 की मौत, कंबोडिया ने मांगा सीज़फायर
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद लगातार गंभीर होता जा रहा है। जंग का आज तीसरा दिन है और अब तक दोनों पक्षों में 33 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि करीब 130 लोग घायल हुए हैं। इस बीच, कंबोडिया ने स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकने के लिए तुरंत सीज़फायर की मांग की है।
थाईलैंड में अब तक 20 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक सैनिक और 19 आम नागरिक शामिल हैं। वहीं, कंबोडिया में 13 लोगों की जान गई है, जिनमें 5 सैनिक और 8 नागरिक हैं।
हजारों लोगों को घर छोड़ना पड़ा
सीमा के पास लगातार हो रही गोलीबारी के चलते बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को पलायन करना पड़ा है। थाईलैंड के लगभग 1.3 लाख लोगों ने अपने घर छोड़ दिए हैं और 300 से अधिक राहत शिविरों में शरण ली है। दूसरी ओर, कंबोडिया के करीब 35,000 लोग भी सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हुए हैं।
- Advertisement -

कंबोडिया की सीज़फायर की अपील
कंबोडिया ने संयुक्त राष्ट्र में अपने प्रतिनिधि के ज़रिए सीज़फायर की मांग करते हुए कहा कि इस टकराव को रोकना बेहद ज़रूरी है। थाईलैंड की सेना पहले ही वार्ता के ज़रिए तनाव कम करने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन कंबोडिया की ओर से सहमति नहीं बनने पर संघर्ष जारी रहा।
सीज़फायर की मांग के पीछे की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, कंबोडिया को आशंका है कि अगर यह संघर्ष लंबे समय तक चलता रहा, तो उसे भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। सैन्य संसाधनों और युद्ध शक्ति के लिहाज़ से थाईलैंड, कंबोडिया से कहीं अधिक सक्षम है। यही कारण है कि कंबोडिया अब युद्धविराम चाहता है ताकि आगे की स्थिति और भयावह न हो।
यह संघर्ष फिलहाल थमने के संकेत नहीं दे रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस पर नज़र बनाए हुए है।