जयपुर: राजस्थान में वर्ष 2024 में रिक्त हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 19 पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इन पदों को राज्य सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति के माध्यम से भरा जाना है। यह सभी नियुक्तियां राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के वरिष्ठ अधिकारियों में से की जाएंगी।
इसी क्रम में मंगलवार को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल और कार्मिक विभाग के सचिव कृष्णकांत पाठक शामिल हुए।
तीन अधिकारियों की पदोन्नति फिलहाल रुकी
सूत्रों के अनुसार, पदोन्नति के लिए वरिष्ठता के आधार पर वर्ष 1997-1998 बैच के 57 आरएएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे गए थे। इनमे से 19 अधिकारियों का पैनल तैयार किया गया। लेकिन इनमें से तीन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण उनकी पदोन्नति फिलहाल रोकी जा सकती है। इस स्थिति में राज्य को अभी 16 नए IAS अधिकारी ही मिलेंगे।
अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना
अब कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय की ओर से इन पदोन्नतियों को लेकर अधिसूचना शीघ्र ही जारी की जा सकती है। अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य सरकार का कार्मिक विभाग नियुक्ति आदेश जारी करेगा।