


नागौर: शादी समारोह का खाना बना बीमारियों का कारण, फूड पाइजनिंग से 100 से ज्यादा लोग पीड़ित
नागौर जिले के लाडनूं शहर के कालीजी चौक में एक शादी समारोह का रात्रिभोज लोगों के लिए मुसीबत बन गया। रात को भोजन करने के बाद सुबह कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेटदर्द की शिकायत के साथ लोग स्थानीय राजकीय अस्पताल पहुंचने लगे।
देखते ही देखते अस्पताल में मरीजों की संख्या 100 से पार हो गई। इनमें से 65 से अधिक लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि कुछ मरीजों को निजी अस्पताल में ले जाया गया।
मरीजों की संख्या बढ़ती देख अस्पताल प्रशासन ने वार्ड के बाहर बरामदों में भी बेड लगाकर उपचार शुरू किया। सभी रोगी फूड पाइजनिंग से पीड़ित पाए गए।
- Advertisement -

डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी के कारण कोई खाद्य सामग्री खराब हो गई थी, जिसे पहचानने के बावजूद परोसा गया। यही कारण लोगों के बीमार पड़ने की वजह बना।
अस्पताल प्रशासन की तत्परता से कई मरीजों की हालत में सुधार हुआ और उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि देर शाम तक 20-25 मरीजों का इलाज जारी था। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।