


बिहार में प्रशिक्षण के दौरान हुआ निधन
राजस्थान के बीकानेर जिले के हदां गांव निवासी 24 वर्षीय सीआरपीएफ जवान पुखराज कड़ेला की बिहार में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। वे अजमेर ग्रुप केंद्र से थे और 10 फरवरी से बिहार के राजगीर में प्रशिक्षण ले रहे थे। जवान अपने प्रशिक्षण के पांचवें सप्ताह में थे।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
बुधवार दोपहर 1 बजे जवान का पार्थिव शरीर जोधपुर से उनके पैतृक गांव हदां लाया गया। गांव पहुंचने पर सीआरपीएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
गांव में छाया शोक, बाजार रहे बंद
जवान पुखराज कड़ेला की असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर छा गई। परिजन और ग्रामीण गहरे दुख में डूबे रहे। बाजार पूरे दिन बंद रहे, और स्कूली छात्रों ने भारत माता के जयकारों के साथ जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारी
अंतिम संस्कार में पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा नेता रवि शेखर मेघवाल, भूपसिंह भाटी, भाजपा जिला महामंत्री मोहनराम लोहिया, समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
- Advertisement -

रात में सोते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
सीआरपीएफ राजगीर कैंप के डीएसपी चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि सोमवार रात जवान सामान्य रूप से सोने गए थे। सुबह साथी जवानों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में हृदय गति रुकने से मृत्यु की आशंका जताई जा रही है।
परिवार में माता-पिता, एक भाई और एक बहन
पुखराज कड़ेला अपने परिवार के सबसे बड़े पुत्र थे। उनका छोटा भाई मुकेश कड़ेला बारहवीं कक्षा में अध्ययन कर रहा है, जबकि छोटी बहन पूजा भी पढ़ाई कर रही है। उनके पिता भंवरलाल मेघवाल मिस्त्री का काम करते हैं, और माता गृहिणी हैं।