


पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर दिए गए बयान और विधायकों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस ने जयपुर में प्रदर्शन किया। सदन के अंदर सत्ता पक्ष गतिरोध खत्म करने की कोशिश कर रहा है, जबकि बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कई जगह पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और अलग-अलग थानों में भेजा।
कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री नितिन वत्सस ने बताया कि बीकानेर से पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला, कांग्रेस शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने यशपाल गहलोत और उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर विद्याधर नगर थाने भेज दिया।

विधानसभा के अंदर सत्ता पक्ष ने गतिरोध खत्म करने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र विरोधी कदम बताते हुए सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेंगे।