



राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, बीकानेर शहर देहात जिला कांग्रेस कमेटी 8 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे कोटगेट पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
अमेरिका से भारतीयों की वापसी का मुद्दा
संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि यह प्रदर्शन अमेरिका से भारतीय नागरिकों को हथकड़ी और जंजीरों में भारत भेजने की अमानवीय घटना के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह विश्व स्तर पर भारत और भारतीयों का अपमान है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।

विभिन्न कांग्रेस नेताओं की भागीदारी
संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर और देहात कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशपाल गहलोत और बिसनाराम सियाग करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, लोकसभा प्रत्याशी, विधायक एवं पूर्व विधायक, जिला प्रमुख, नगर निगम एवं निकाय के अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पार्षद और कांग्रेस विचारधारा से जुड़े अन्य सदस्य शामिल होंगे।