



बीकानेर: बीकानेर शहर की मरूधर कॉलोनी में बीडीए (Bikaner Development Authority) द्वारा एक बड़ी कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने इलाके में विवादित दो मकानों को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, इन मकानों के मालिकों के बीच शेटबैक (setback) को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद बीडीए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पुलिस की बड़ी तैनाती की और फिर अधिकारियों ने दोनों मकानों को सील कर दिया। इस दौरान एक मकान मालिक ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके चलते उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
यह घटना मरूधर कॉलोनी में घटी, जहां अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से गली को छावनी में तब्दील कर दिया, और माहौल को नियंत्रित किया।

इस कार्रवाई से यह साफ हो गया कि बीडीए प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं करेगा, और जिन मकान मालिकों ने नियमों का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।