दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलों को अरविंद केजरीवाल ने सिरे से खारिज कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि आप दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।
हाल ही में एक न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत अंतिम चरण में है। दावा किया गया था कि कांग्रेस को 15 सीटें और अन्य इंडिया गठबंधन के सदस्यों को 1-2 सीटें दी जा सकती हैं। बाकी सीटों पर आप खुद चुनाव लड़ेगी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्पष्ट किया कि “आप दिल्ली में इस चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।”
आप ने अब तक दो सूची जारी की हैं। पहली सूची में 11 सीटों और दूसरी सूची में 20 सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया गया है।
- Advertisement -
गौरतलब है कि दिल्ली में 2025 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसकी तारीख जनवरी में घोषित की जा सकती है। 2020 के चुनावों में आप ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 8 सीटें मिली थीं और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।

